STF उत्तराखंड की बड़ी साइबर कार्रवाई
देहरादून। उत्तराखण्ड STF की साइबर क्राइम टीम ने देहरादून निवासी एक वरिष्ठ नागरिक से हुई ₹44.50 लाख की साइबर ठगी का खुलासा कर बड़ा कदम उठाया है। टीम ने गाजियाबाद से एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जिसने अंतरराष्ट्रीय गिरोह के साथ मिलकर यह अपराध अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार आरोपी ने पीड़ित को फेसबुक लिंक के जरिए एक फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा और शेयर ट्रेडिंग एप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया। झूठे वादे और निवेश पर बड़े मुनाफे का लालच देकर आरोपी ने पीड़ित से भारी रकम निवेश करवाई और बाद में ठगी को अंजाम दिया।
STF की टीम ने तकनीकी जांच और दबिश देकर आरोपी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया। उसके पास से फर्जी दस्तावेज़, मोबाइल, बैंक डिटेल्स और ट्रस्ट/कंपनी से जुड़े उपकरण बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का कनेक्शन कम्बोडिया और थाइलैंड स्थित अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह से है।

STF ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट, ट्रेडिंग या जॉब ऑफर्स के नाम पर आने वाले किसी भी लिंक या एप पर भरोसा न करें। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या साइबर अपराध की शिकायत तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर या www.cybercrime.gov.in पर दर्ज कराएं।
