चमोली में बादल फटने से तबाही
चमोली। चमोली जनपद में देर रात से हो रही लगातार अतिवृष्टि ने एक बार फिर जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। देवाल ब्लॉक के मोपाटा क्षेत्र में बादल फटने की घटना सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 2 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि 1-2 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और कुछ मवेशियों के दबने की भी सूचना है।

तुरंत मौके पर पहुंची राहत टीमें
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन, SDRF और DDRF की टीमें तत्काल मोपाटा रवाना हुईं। वर्तमान में सभी टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। मलबे में दबे लोगों की तलाश तेज कर दी गई है और प्रभावित इलाके में सुरक्षा घेरा बना दिया गया है।

नदी का जलस्तर बढ़ा, लोगों को सतर्क किया जा रहा
लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। इस खतरे को देखते हुए पुलिस लगातार लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कर रही है, ताकि लोग नदी किनारे न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर बने रहें।
थराली में बनाए गए राहत केंद्र
इस आपदा के चलते प्रशासन ने थराली क्षेत्र में भी राहत केंद्र बनाए हैं। यहां असुरक्षित स्थानों से लोगों को निकालकर सुरक्षित रूप से पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
एसपी चमोली कर रहे मॉनिटरिंग
पुलिस अधीक्षक चमोली, सर्वेश पंवार स्वयं पूरे राहत एवं बचाव अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों और रेस्क्यू टीमों को निर्देश दिए हैं कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और प्रभावित लोगों की हर संभव मदद की जाए।
