खिचड़ी नदी में फंसी स्कॉर्पियो
रामनगर। रामनगर के क्यारी गांव में रविवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां खिचड़ी नदी में एक स्कॉर्पियो गाड़ी तेज बहाव में फंस गई। गनीमत रही कि गाड़ी में सवार दोनों पर्यटक सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। जानकारी के मुताबिक पर्यटक नदी पार करने के लिए स्कॉर्पियो (नंबर HR 87 P 1840) लेकर खिचड़ी नदी में उतरे थे। तभी अचानक पहाड़ों में हुई बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ गया और गाड़ी बीच धारा में फंस गई।

गाड़ी में सवार दोनों पर्यटक हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पानी का बहाव बढ़ने से उनकी जान पर बन आई, लेकिन मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों ने न सिर्फ पर्यटकों को बचाया बल्कि ट्रैक्टर की मदद से स्कॉर्पियो को भी नदी से बाहर खींच लिया। समय रहते हुई यह बचाव कार्रवाई एक बड़ा हादसा टलने से रोक गई।
