मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन
देहरादून। प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आज सचिवालय में प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों, विशेषकर धराली के प्रभावितों के लिए राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सचिव आपदा और आयुक्त गढ़वाल से धराली में राहत एवं रेस्टोरेशन कार्यों की नवीनतम स्थिति की जानकारी ली।

मुख्य सचिव ने सचिव लोक निर्माण विभाग और सचिव सिंचाई को निर्देश दिए कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के अस्थायी झील में डूबे हिस्सों के लिए तुरंत वैकल्पिक मार्ग तैयार किए जाएँ। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र के अन्य पैदल और वैकल्पिक मार्गों को दुरुस्त करने, और सर्च ऑपरेशन्स में नवीनतम तकनीक का इस्तेमाल करके तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रभावितों के लिए रहने और खाने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। मुख्य सड़क मार्ग बाधित होने से फल और सब्ज़ी उत्पादकों को बाजार तक पहुंच में कठिनाई हो रही है। इसके समाधान के लिए सचिव कृषि को निर्देश दिए गए कि उत्तराखंड हॉर्टीकल्चर बोर्ड और मंडी परिषद के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में उत्पादों की खरीद सुनिश्चित की जाए। साथ ही जीएमवीएन और केएमवीएन के बाजार प्रकोष्ठ को सक्रिय किया जाए और प्रभावित क्षेत्रों में कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

मुख्य सचिव ने प्रभावितों की आजीविका सुधार के लिए ऐप्पल मिशन, कीवी मिशन, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना और होमस्टे जैसी योजनाओं के माध्यम से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुधन हानि का मुआवजा तुरंत वितरित करने, स्कूल, अस्पताल और आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए तत्काल प्रीफैब भवन तैयार करने, और आपदा में नष्ट हुए प्रमाणपत्र और दस्तावेजों के लिए मल्टीपरपज कैम्प स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
लापता लोगों के लिए सिविल डेथ प्रमाणीकरण प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने और विदेशी लापता व्यक्तियों के लिए भी निर्धारित प्रक्रिया लागू करने के निर्देश दिए गए। संपत्ति क्षति का आंकलन करने के लिए सैटेलाइट इमेजरी और आधुनिक तकनीक का उपयोग सुनिश्चित करने तथा यूकॉस्ट की सहायता से आंकलन करने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने प्रदेश की सभी ग्लेशियर और ग्लेशियर झीलों का खतरा आंकलने के लिए मॉड्यूल तैयार करने और वैज्ञानिक संगठनों की टीम बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सचिव शैलेश बगौली, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पांडेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
