सीएम धामी से मिला प्रतिनिधिमंडल
देहरादून। कुमाऊं मंडल का सबसे बड़ा अस्पताल सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज पिछले छह महीनों से उपनल कर्मचारियों के वेतन न मिलने के कारण सुर्खियों में है। कर्मचारियों की इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व मंत्री एवं विधायक बंशीधर भगत और संयुक्त मोर्चा के प्रदेश संयोजक विनोद गोदियाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की।

जल्द समाधान का आश्वासन
मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए वेतन संबंधी मुद्दे का शीघ्र निस्तारण करने का आश्वासन दिया। सीएम के निर्देश पर सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा आर. राजेश कुमार की उपस्थिति में वार्ता हुई, जिसमें तय हुआ कि कर्मचारियों का बकाया वेतन शीघ्र जारी किया जाएगा।

नियमितीकरण की प्रक्रिया भी होगी शुरू
संयुक्त मोर्चा के संयोजक विनोद गोदियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने न केवल वेतन भुगतान बल्कि कर्मचारियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का भी आश्वासन दिया है। यह उपनल कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है।
अस्पताल की व्यवस्था में उपनल कर्मचारियों की अहम भूमिका
बता दें कि सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल की सफाई, मरीजों की देखभाल और अन्य आवश्यक सेवाओं में उपनल कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। लेकिन पिछले छह महीनों से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों का जीवन कठिनाई में है। कर्मचारियों का कहना है कि बिना वेतन के बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों और घरेलू खर्च पूरे करना लगभग असंभव हो गया है।
प्रतिनिधिमंडल में रहे ये नेता
सीएम से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महेश भट्ट, प्रदेश महामंत्री विनय प्रसाद, प्रदेश उपाध्यक्ष पूरण चंद्र भट्ट, विभागीय अध्यक्ष शम्भुदत्त बुधानी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
