सीएम धामी का स्यानाचट्टी दौरा
देहरादून/उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद के स्यानाचट्टी में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

अस्थाई झील का निरीक्षण
स्यानाचट्टी के पास यमुना नदी में गडगाड गदेरे से मलबा आने के कारण नदी का प्रवाह अवरुद्ध हो गया था और एक अस्थाई झील का निर्माण हो गया था। मुख्यमंत्री ने झील का निरीक्षण किया और जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि –

- नदी मार्ग में जमा गाद को तत्काल हटाया जाए।
- झील के मुहाने को चौड़ा कर जल निकासी तेज़ की जाए।
- प्रभावित परिवारों के नुकसान का आंकलन कर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
किसानों को मिलेगा उचित मूल्य
सीएम धामी ने कहा कि आवाजाही बाधित होने से आलू की फसल प्रभावित हुई है, ऐसे में किसानों की फसल को उचित मूल्य पर खरीदा जाएगा ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान न हो।
पुल और मार्ग बहाली पर ज़ोर
मुख्यमंत्री ने कुपड़ा कुंशाला पुल का भी स्थलीय निरीक्षण किया और जल्द कार्यदायी संस्था नामित कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक पुल तैयार नहीं होता, तब तक वैकल्पिक पैदल मार्ग को व्यवस्थित किया जाए। साथ ही, जगह-जगह हुए भूस्खलनों से अवरुद्ध मार्गों को शीघ्र बहाल करने और यमुनोत्री मार्ग को यात्रा के लिए खोलने पर भी जोर दिया।
संकट की घड़ी में सरकार साथ
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आपदा से प्रभावित हर परिवार के साथ सरकार खड़ी है और नुकसान का आंकलन कर त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस मौके पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक सरिता डोभाल, कमांडेंट एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी, एडीएम मुक्ता मिश्र, एसडीएम बृजेश तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र सिंह नेगी एवं जनक सिंह पंवार मौजूद रहे।
