पौड़ी गढ़वाल में दर्दनाक हादसा
पौड़ी गढ़वाल। पौड़ी जिले के थलीसैण थाना क्षेत्र से सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। स्कूल जा रहे दो छात्रों की बाइक बैजरो पुल पर पैराफिट से टकरा गई। हादसे में पीछे बैठा छात्र नयार नदी में गिर गया और उसकी मौत हो गई।

हादसा सुबह 7:30 बजे
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7:30 बजे सूरज सिंह बिष्ट (16) और आर्यन वर्धन (14) बाइक से इंटर कॉलेज स्विंशी, वेदिखाल रोड की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे बैजरो पुल पर पहुंचे, उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पैराफिट से टकरा गई।

नदी में गिरा छात्र, मौत
टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे बैठा छात्र आर्यन वर्धन पुल से नीचे नयार नदी में गिर पड़ा। नदी के तेज बहाव और चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इलाके में मातम
सूचना मिलते ही थलीसैण पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
