कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा
देहरादून। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा आज देहरादून पहुंचीं। देहरादून पहुंचने के बाद उन्होंने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठक की। बैठक के बाद कुमारी शैलजा ने बताया कि कांग्रेस ने संगठन सृजन कार्यक्रम की शुरुआत कर दी है। गुजरात में इस अभियान को बड़ी सफलता मिली थी और अब इसकी शुरुआत उत्तराखंड में भी की जा रही है।

हर जिले में केंद्र से भेजे जाएंगे ऑब्जर्वर
संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जिले में केंद्र से एक ऑब्जर्वर भेजा जाएगा। ये ऑब्जर्वर स्थानीय स्तर पर संगठन को और मजबूत करने में योगदान देंगे और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद भी स्थापित करेंगे। कुमारी शैलजा ने कहा कि इस पहल से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और जमीनी स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

