देहरादून में अब पालतू कुत्तों का अनिवार्य रजिस्ट्रेशन और टीकाकरण
देहरादून। नगर निगम देहरादून में मंगलवार को आयोजित तृतीय बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की शुरुआत धराली और थराली आपदा में मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए 2 मिनट के मौन से हुई। बैठक में 26 प्रस्तावों पर चर्चा हुई। हालांकि, पिछली बोर्ड बैठक के प्रस्ताव पूरे न होने पर पार्षदों ने नाराज़गी जताई। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस पार्षद आमने-सामने हो गए और हंगामा भी हुआ। मेयर की समझाइश के बाद स्थिति शांत हुई और कार्यवाही आगे बढ़ाई गई।

कुत्तों पर बड़ी कार्रवाई
बैठक में स्ट्रीट डॉग्स और पालतू कुत्तों को लेकर अहम निर्णय लिया गया। नगर निगम ने नई प्रणाली के तहत तय किया है कि:-
- पालतू कुत्तों का रजिस्ट्रेशन और टीकाकरण अनिवार्य होगा।
- नियम का पालन न करने पर अब 5,000 जुर्माना लगाया जाएगा।
- वर्तमान में यह जुर्माना केवल 200 था, जिसे अब कड़ा किया गया है।
नगर निगम का कहना है कि यह कदम स्ट्रीट डॉग्स के आतंक पर रोक लगाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

