स्वदेशी अपनाओ अभियान में शामिल हुए CM धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राजधानी देहरादून के पलटन बाजार में आयोजित ‘स्वदेशी अपनाओ, राष्ट्र को आगे बढ़ाओ’ जनजागरूकता अभियान का नेतृत्व किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने व्यापारियों, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय नागरिकों से स्वदेशी उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त प्रयास है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब हम अपने देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देंगे, तो आर्थिक स्थिति और स्थानीय रोजगार दोनों को मजबूती मिलेगी।
सीएम धामी ने कहा कि स्वदेशी अपनाना केवल आर्थिक निर्णय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय कर्तव्य है। प्रधानमंत्री जी द्वारा दिए गए ‘स्वदेशी अपनाओ, देश को मजबूत बनाओ’ के मंत्र को अपनाकर हम न केवल अर्थव्यवस्था को सशक्त बना सकते हैं, बल्कि स्थानीय उत्पादकों, शिल्पकारों और छोटे उद्यमियों को भी आत्मनिर्भर बना सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों पर स्वदेशी नाम पट्टिका अवश्य लगाएं, ताकि उपभोक्ताओं में स्वदेशी के प्रति विश्वास और गर्व की भावना जागृत हो। इस दौरान सीएम धामी ने पलटन बाजार की दुकानों का भ्रमण किया और “स्वदेशी अपनाओ, राष्ट्र को मजबूत बनाएं” के स्टीकर भी लगाए। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि त्योहारों, उपहारों और दैनिक जीवन में स्वदेशी विकल्पों को प्राथमिकता दें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, स्थानीय लोग और स्वयंसेवी संगठन शामिल रहे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
