मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड अभियान को बृहद स्तर पर संचालित किया जाए। सीएम धामी ने स्पष्ट कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को और अधिक सशक्त बनाने तथा आवश्यकता अनुसार नए पद सृजित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन ‘मानस’–1933 के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि आमजन को इसकी जानकारी हो ताकि वे नशे से जुड़े मामलों की शिकायत दर्ज करा सकें।
सीएम धामी ने कहा कि पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण समेत सभी विभाग मिलकर कार्यशालाओं का आयोजन करें और ड्रग्सफ्रीउत्तराखण्ड के लिए विस्तृत एक्शन प्लान बनाकर उस पर अमल करें। उन्होंने विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और बाहरी राज्यों से ड्रग्स सप्लाई पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने पुलिस को रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के आह्वान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए शहरी विकास विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
