गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और प्रभारी मंत्री धन सिंह रावत पहुंचे थराली
चमोली। आपदा से जूझ रहे थराली और आसपास के क्षेत्रों का सोमवार को गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और जनपद के प्रभारी मंत्री धन सिंह रावत ने दौरा किया। इस मौके पर उनके साथ थराली विधायक भूपालराम टम्टा भी मौजूद रहे।

राहत शिविर और आपदाग्रस्त गांवों का निरीक्षण
दोनों जनप्रतिनिधियों ने पहले कुलसारी में बनाए गए राहत शिविर का जायजा लिया, इसके बाद चेपडो पहुंचकर आपदाप्रभावितों से मुलाकात की और घायलों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने आपदा में लापता पूर्व सैनिक गंगादत्त जोशी की तलाश के लिए राहत-बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

प्रभावितों से मुलाकात और समस्याओं की जानकारी
थराली पहुंचकर सांसद और मंत्री ने स्थानीय लोगों से संवाद किया। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत ने प्रभारी मंत्री और सांसद के सामने थराली में हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए पेयजल और विद्युत आपूर्ति को सुचारु करने की मांग रखी। साथ ही उन्होंने थराली क्षेत्र को विशेष आर्थिक पैकेज देने और पुनर्निर्माण कार्यों से संबंधित एक ज्ञापन भी सौंपा।
भूगर्भीय सर्वेक्षण का आश्वासन
मीडिया से बातचीत में सांसद अनिल बलूनी और मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि थराली की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदाग्रस्त क्षेत्रों का भूगर्भीय सर्वेक्षण कराया जाएगा। इससे भविष्य में आपदा प्रबंधन और पुनर्निर्माण की योजनाओं को वैज्ञानिक आधार पर लागू किया जा सकेगा।
यह दौरा न केवल आपदाप्रभावितों को संबल देने का प्रयास था, बल्कि पुनर्निर्माण और राहत कार्यों में तेजी लाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
