सितंबर से पिथौरागढ़–मुनस्यारी हेली सेवा शुरू
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर राज्य में हेली सेवाओं और रेल संपर्क को लेकर केंद्र सरकार ने सकारात्मक कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने हाल ही में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू से हेली सेवाओं के विस्तार में सहयोग का अनुरोध किया था। इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री ने पत्र लिखकर सूचित किया कि उड़ान योजना के तहत पिथौरागढ़–मुनस्यारी हेलीसेवा के लिए हैरिटेज एविएशन का चयन किया गया है। यह सेवा 30 सितंबर तक शुरू होने की उम्मीद है।

इसी तरह पिथौरागढ़–धारचूला मार्ग पर भी हेली सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए धारचूला में हेलीपैड निर्माण हेतु जमीन उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। इस रूट पर भी संचालन के लिए हैरिटेज एविएशन को प्रारंभिक सहमति मिल चुकी है। साथ ही, पिथौरागढ़–दिल्लीहवाईमार्ग पर भी एयरलाइंस का प्रस्ताव आने पर सेवा शुरू करने पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।
इधर, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बताया कि मंत्रालय, राज्य सरकार की मांग पर अछनेरा–टनकपुर विशेष रेलगाड़ी चलाने के लिए फिजिबिलिटीअध्ययन करवा रहा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने राज्य में हेली सेवाओं और रेल नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए दोनों केंद्रीय मंत्रियों का आभार व्यक्त किया है।

