विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने BLO और BLA को संयुक्त सत्यापन के निर्देश दिए।
देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (Special Intensive Revision-SIR) के तहत मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गणना फार्म वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य तय समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरा किया जाए।

मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम और भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त श्री संजय कुमार ने संयुक्त रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) और संबंधित अधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की।
बैठक के दौरान अभियान की प्रगति, गणना फार्म वितरण, डिजिटाइजेशन और मतदाता सत्यापन कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

धीमी प्रगति वाले बूथों पर अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती के निर्देश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक जिलाधिकारी स्वयं बूथवार समीक्षा करें और जिन मतदान केंद्रों पर गणना फार्म वितरण या डिजिटाइजेशन की प्रगति धीमी है, वहां अतिरिक्त कर्मचारियों को हेल्पिंग हैंड के रूप में लगाया जाए।
उन्होंने कहा कि जिन जिलों में गणना फार्म वितरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, वे अब डिजिटाइजेशन की गति बढ़ाएं ताकि अभियान निर्धारित समय पर पूर्ण किया जा सके।
घर पर अनुपस्थित मतदाताओं के लिए तीन बार विजिट जरूरी
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं के घर पर BLO को कोई व्यक्ति नहीं मिलता है, उनके सत्यापन के लिए बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और बूथ लेवल एजेंट (BLA) संयुक्त रूप से घर जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मतदाताओं के लिए कम से कम तीन बार विजिट करना अनिवार्य होगा ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए और मतदाता सूची की शुद्धता बनी रहे।
एबसेंट, शिफ्टेड, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की रिपोर्ट होगी दर्ज
भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त श्री संजय कुमार ने निर्देश दिए कि जिन जिलों में फार्म वितरण का कार्य पूरा हो चुका है और जिन मतदाताओं का घर पर सत्यापन नहीं हो पा रहा है, उनकी सूची संबंधित बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) के साथ साझा की जाए।
उन्होंने कहा कि जिन मामलों में मतदाता अनुपस्थित (Absent), स्थानांतरित (Shifted), मृत (Dead) या डुप्लीकेट (Duplicate) पाए जाते हैं, वहां BLO को गणना फार्म पर विस्तृत फील्ड रिपोर्ट दर्ज करनी होगी। इससे मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और सटीक बनाया जा सकेगा।
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए प्रत्येक मतदाता का सही सत्यापन और रिकॉर्ड का डिजिटल अपडेट बेहद महत्वपूर्ण है।
निर्वाचन आयोग ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जाए।
सभी जिलाधिकारी और निर्वाचन अधिकारी रहे मौजूद
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
