प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड विकास और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के लगातार 12 वर्ष पूरे होने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज भारत एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विश्व का नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में “विकसित भारत 2047” का सपना तेजी से साकार हो रहा है और उत्तराखंड इस परिवर्तनकारी यात्रा का प्रमुख भागीदार बन चुका है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के विकास की गति अभूतपूर्व रही है। गरीब कल्याण, आधारभूत ढांचे के विस्तार, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सुविधाओं और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की गई हैं।
गरीब कल्याण योजनाओं से बदली करोड़ों लोगों की जिंदगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में करोड़ों परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को हर महीने मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के जरिए गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि मुद्रा योजना के तहत लाखों युवाओं, महिलाओं और छोटे कारोबारियों को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराया गया है, जिससे स्वरोजगार और उद्यमिता को नई पहचान मिली है।
डिजिटल इंडिया ने बदली भारत की तस्वीर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे बड़ी डिजिटल अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में भारत वैश्विक स्तर पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। गांव से लेकर शहर तक डिजिटल सेवाओं का विस्तार हुआ है, जिससे पारदर्शिता और सुशासन को मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि आज भारत अंतरिक्ष, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर निर्माण और रक्षा उत्पादन जैसे क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में मजबूत हुआ भारत
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत अपनी सुरक्षा जरूरतों के लिए पूरी तरह आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। रक्षा उत्पादन और निर्यात में लगातार वृद्धि हुई है। आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ सरकार की सख्त नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को सेना में स्थायी कमीशन प्रदान करना प्रधानमंत्री मोदी की महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
उत्तराखंड बना विकास योजनाओं का बड़ा केंद्र
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को विकास की नई दिशा मिली है। राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
उन्होंने बताया कि चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे धार्मिक पर्यटन और कनेक्टिविटी को बड़ा लाभ मिलेगा। वहीं दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के निर्माण से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हुआ है।
इसके अलावा सितारगंज-टनकपुर, पौंटा साहिब-देहरादून, भानियावाला-ऋषिकेश, काठगोदाम-लालकुआं-हल्द्वानी बाईपास और रुद्रपुर बाईपास जैसी कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर कार्य तेजी से जारी है।
रेल कनेक्टिविटी का सपना हो रहा साकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तेजी से पूरी होने की दिशा में बढ़ रही है। इसके साथ ही टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन परियोजना को भी मंजूरी मिल चुकी है।
उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तराखंड के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
हवाई सेवाओं में भी हुआ बड़ा विस्तार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जॉलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ हवाई अड्डों का विस्तार किया जा चुका है। वहीं उड़ान योजना के तहत प्रदेश में कई नए हेलीपोर्ट और हेली सेवाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 की तुलना में राज्य में हेलीपोर्ट और हेलीपैड की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे दुर्गम क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को मिला नया आयाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में आध्यात्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पुनर्विकास परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत प्रदेश के प्राचीन मंदिरों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गौरीकुंड-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं भविष्य में तीर्थ यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होंगी।
स्वास्थ्य और सिंचाई क्षेत्र में भी बड़े निवेश
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जमरानी, सौंग और लखवाड़ जैसी बहुउद्देशीय परियोजनाओं से प्रदेश को सिंचाई, पेयजल और बिजली उत्पादन के क्षेत्र में दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि किच्छा में एम्स सैटेलाइट सेंटर का कार्य शुरू हो चुका है। वहीं एम्स ऋषिकेश में देश की पहली हेली एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है, जो आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी जरूरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत आज अमृतकाल के दौर से गुजर रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें।
