प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन राष्ट्र को समर्पित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) भी मौजूद रहे।
देहरादून। उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में देहरादून स्थित हर्रावाला रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, रेलवे एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से बदला हर्रावाला रेलवे स्टेशन का स्वरूप
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन अब यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। स्टेशन का नया स्वरूप केवल सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी प्रमुखता दी गई है।

उन्होंने बताया कि स्टेशन परिसर में पारंपरिक ऐपण कला को विशेष स्थान दिया गया है, जिससे यहां आने वाले यात्रियों को उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी। आधुनिक डिजाइन, बेहतर प्रतीक्षालय, साफ-सुथरा परिसर, सुगम आवागमन, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं तथा यात्रियों की सुविधा के लिए विकसित आधुनिक व्यवस्थाएं इस स्टेशन को पहले से कहीं अधिक बेहतर बनाती हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का उत्तराखंड की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड में रेलवे नेटवर्क को मजबूत करने के लिए बड़े फैसले ले रही है, जिसका लाभ आने वाले वर्षों में राज्य के प्रत्येक क्षेत्र को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास केवल एक स्टेशन का विकास नहीं बल्कि उत्तराखंड के समग्र विकास की दिशा में मजबूत कदम है।
रेलवे में तेजी से हो रहा आधुनिक बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे पिछले कुछ वर्षों में तेजी से आधुनिक हुई है। रेलवे में सुरक्षा, तकनीकी दक्षता, यात्री सुविधाओं और हाई स्पीड कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि वंदे भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक स्वदेशी ट्रेनें देश की तकनीकी क्षमता और आत्मनिर्भर भारत की पहचान बन चुकी हैं। इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिल रहा है।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना बदलेगी पर्वतीय उत्तराखंड की तस्वीर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि लंबे समय से जिस रेल संपर्क का सपना उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के लोग देख रहे थे, वह अब तेजी से पूरा हो रहा है।
उन्होंने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना पूरी होने के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा को नई गति मिलेगी। चारधाम यात्रा भी पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित होगी।
उत्तराखंड को मिला रिकॉर्ड रेल बजट
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना के विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट दिया है।
इसके अलावा प्रदेश में लगभग 39,491 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तराखंड के प्रति विशेष प्रतिबद्धता और विकास के प्रति गंभीर सोच को दर्शाता है।
वंदे भारत ट्रेनों से यात्रियों को मिल रहा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को मिली दो वंदे भारत ट्रेनों से राज्य आने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को काफी सुविधा मिली है। इससे यात्रा का समय कम हुआ है और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है।
संस्कृति और आधुनिकता का अनूठा संगम बना हर्रावाला स्टेशन
पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन आधुनिक निर्माण तकनीक और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान का सुंदर मेल प्रस्तुत करता है। स्टेशन का डिजाइन दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता से प्रेरित है, जबकि ऐपण कला जैसी पारंपरिक लोक कला इसे विशिष्ट पहचान देती है।
यात्रियों को यहां स्वच्छ वातावरण, बेहतर यात्री सुविधाएं, सुगम पहुंच और आधुनिक रेलवे सेवाओं का अनुभव मिलेगा।
विकसित भारत के साथ विकसित उत्तराखंड का मजबूत कदम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास जताया कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन आने वाले समय में उत्तराखंड की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ उत्तराखंड भी “विकल्प रहित संकल्प” के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बेहतर रेलवे नेटवर्क से पर्यटन, उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
