रामनगर में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 850 मतदाताओं का सत्यापन कर 100 प्रतिशत कार्य पूरा करने वाली पहली बीएलओ बनीं पुष्पा कुमारी।
रामनगर। कहा जाता है कि सफलता केवल मेहनत और समर्पण से मिलती है। रामनगर में इस कहावत को सच साबित किया है जीजीआईसी (जीपीपी कन्या इंटर कॉलेज) की शिक्षिका और बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) पुष्पा कुमारी ने। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत अपने बूथ का कार्य 100 प्रतिशत पूरा कर रामनगर की पहली बीएलओ बनने का गौरव हासिल किया है।

यह उपलब्धि केवल एक सरकारी लक्ष्य पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदारी, अनुशासन और समर्पण का भी उदाहरण बन गई है।
850 मतदाता, 1700 फॉर्म और 100 प्रतिशत लक्ष्य

पुष्पा कुमारी को रामनगर के मुख्य बाजार स्थित वार्ड संख्या-5, भाग संख्या-31 का दायित्व सौंपा गया था। उनके कार्यक्षेत्र में ज्वाला लाइन, बजाजा लाइन, गांधी गली, नई लाइन और सराय गली जैसे इलाके शामिल थे।
उन्होंने प्री-एसआईआर से लेकर अंतिम चरण तक लगातार मेहनत करते हुए अपने क्षेत्र के 850 मतदाताओं के डबल फॉर्म यानी कुल 1700 फॉर्म निर्धारित समय में भरवाए। शनिवार को उन्होंने अपना कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर इसकी रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को सौंप दी।
SDM ने की सराहना, दी बधाई
रामनगर के उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान ने पुष्पा कुमारी के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में बीएलओ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है और इस तरह की कार्यशैली अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
छह साल की बेटी को गांव भेजकर निभाई जिम्मेदारी
पुष्पा कुमारी ने बताया कि एसआईआर अभियान को समय पर पूरा करने के लिए उन्हें लगातार फील्ड में रहना पड़ा। इसी कारण उन्होंने अपनी छह वर्षीय बेटी दार्शी गुसाई को अपने शिक्षक पति कुलदीप सिंह गुसाई के साथ पैतृक गांव भेज दिया, ताकि वह पूरी निष्ठा से अपने चुनावी दायित्व का निर्वहन कर सकें।
उनका यह समर्पण बताता है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने में बीएलओ कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
टीमवर्क को दिया सफलता का श्रेय
पुष्पा कुमारी ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय उपजिलाधिकारी रामनगर, बीएलओ ऑब्जर्वर अखिलेश मेंदोलिया, विनोद कुमार चौपड़ा, जीपीपी के लिपिक नेहा शर्मा, वार्ड सभासद शिवि अग्रवाल, समाजसेवी डॉ. जफर सैफी, भाजपा के बीएलए ममता गर्ग, कांग्रेस के बीएलए जहीर अब्बास तथा सभी मतदाताओं को दिया।
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग के बिना यह कार्य समय पर पूरा करना संभव नहीं था।
मानसिक रूप से बीमार मां-बेटी का भी भरा फॉर्म
उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र में रहने वाली मानसिक रूप से अस्वस्थ मां-बेटी के फॉर्म भरने में कुछ कठिनाइयां आईं, लेकिन आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उनके फॉर्म भी भर दिए गए ताकि कोई भी पात्र मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया से वंचित न रहे।
लोकतंत्र की मजबूत कड़ी हैं बीएलओ
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करते हैं। पात्र मतदाताओं का पंजीकरण, त्रुटियों का सुधार और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जाता है। ऐसे में पुष्पा कुमारी जैसी कर्मठ बीएलओ का कार्य अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है।
