वैदिक मंत्रोच्चार के बीच खुले बद्रीनाथ धाम के कपाट, पहले दिन उमड़ी भारी श्रद्धालुओं की भीड़।
बद्रीनाथ। उत्तराखंड के पवित्र और विश्व प्रसिद्ध भगवान श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट गुरुवार प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक रीति-रिवाजों और विधिविधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलते ही बद्रीनाथ धाम का पूरा क्षेत्र जय बद्री विशाल के जयकारों, घंटियों की ध्वनि और भक्ति भाव से गूंज उठा।

देश के अलग-अलग राज्यों और विदेशों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस शुभ अवसर पर भगवान बद्री विशाल और अखंड ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। अनुमानित रूप से लगभग 15 हजार श्रद्धालु पहले ही दिन दर्शन के लिए धाम पहुंचे।
मुख्यमंत्री धामी ने कराई पहली महाभिषेक पूजा

कपाट उद्घाटन के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा संपन्न कराई। इस पूजा के माध्यम से देश और उत्तराखंड राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर स्थित लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी सहित अन्य पवित्र स्थलों पर भी पूजा-अर्चना की।
तीर्थयात्रियों से लिया व्यवस्थाओं का फीडबैक
मुख्यमंत्री धामी ने धाम पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने यात्रियों से सीधे संवाद कर सुविधाओं, सुरक्षा, आवास, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात व्यवस्था का फीडबैक लिया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं। यात्रा मार्गों पर चिकित्सा, सुरक्षा, सफाई, पार्किंग और आवागमन की बेहतर व्यवस्था की गई है।
हरित और स्वच्छ चारधाम यात्रा का संदेश
मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे चारधाम यात्रा को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण हितैषी बनाने में सहयोग करें। उन्होंने यात्रियों से प्लास्टिक मुक्त यात्रा, स्वच्छता बनाए रखने और प्राकृतिक धरोहरों की रक्षा करने का आग्रह किया।
लोक संस्कृति से सजा बद्रीनाथ धाम
कपाट खुलने के ऐतिहासिक अवसर पर माणा और बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक जागर गान और झुमैलो नृत्य प्रस्तुत किया। लोक संस्कृति और श्रद्धा के अद्भुत संगम ने धाम के वातावरण को और भी दिव्य बना दिया। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी भजन-कीर्तन कर अपनी आस्था व्यक्त की।
भंडारे का शुभारंभ, श्रद्धालुओं संग लिया प्रसाद
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ धाम में संचालित विशाल भंडारे का रिबन काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया और भंडारा संचालकों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मानव सेवा ईश्वर सेवा उत्थान समिति द्वारा संचालित इस भंडारे की मुख्यमंत्री ने सराहना की।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे अधिकारी और गणमान्य लोग
इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, बीकेटीसी के सीईओ विशाल मिश्रा, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, रावल अमरनाथ नंबूदरी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
क्यों खास है बद्रीनाथ धाम कपाट खुलना?
बद्रीनाथ धाम चारधाम यात्रा का प्रमुख केंद्र है। हर साल लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड की धार्मिक यात्रा सीजन को नई गति मिलती है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ मिलता है।
