नैनीताल प्रशासन, पुलिस और श्रम विभाग की मध्यस्थता से लालकुआं स्थित मदरसन कंपनी का श्रमिक विवाद समाप्त।
लालकुआं। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र स्थित मदरसन कंपनी में पिछले कुछ समय से चल रहा श्रमिक विवाद अब समाप्त हो गया है। श्रमिकों की मांगों को लेकर जारी धरना और अनशन मंगलवार को प्रशासन, श्रम विभाग और नैनीताल पुलिस की संयुक्त मध्यस्थता के बाद खत्म हो गया।

कई दौर की बातचीत और समन्वय के बाद कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच सहमति बनी, जिसके बाद श्रमिकों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया और फैक्ट्री में वापस काम पर लौटने का निर्णय लिया। जानकारी के अनुसार बुधवार से कंपनी में उत्पादन कार्य पूरी तरह सामान्य रूप से शुरू हो जाएगा।
कई दौर की वार्ता के बाद निकला समाधान

मामले को सुलझाने के लिए जिला प्रशासन, एसडीएम, श्रम विभाग के अधिकारियों, पुलिस प्रशासन, कंपनी प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच लगातार कई दौर की बैठकें हुईं।
इन बैठकों में श्रमिकों की कुल 14 प्रमुख मांगों पर चर्चा हुई। इनमें से 12 मांगों को कंपनी प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया। जबकि शेष 2 मांगों को शासन स्तर पर भेजने और सकारात्मक समाधान दिलाने का आश्वासन दिया गया है।
इसी सहमति के बाद आंदोलन समाप्त हुआ और श्रमिकों ने कार्यस्थल पर लौटने का फैसला लिया।
SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने श्रमिकों के धैर्य की सराहना की
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आंदोलन के दौरान संयम बनाए रखने वाले श्रमिकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने अनुशासन का परिचय दिया और किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन श्रमिकों की जायज मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा संवेदनशील है और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंसा भड़काने वालों पर पुलिस का सख्त एक्शन
प्रशासन ने साफ किया कि आंदोलन की आड़ में कुछ बाहरी तत्व माहौल खराब करने और औद्योगिक क्षेत्र में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कुछ लोगों ने कंपनी परिसर में तोड़फोड़, आगजनी और हिंसा फैलाने की साजिश रची थी। साथ ही मजदूरों को उकसाने, बैरियर तोड़ने और पुलिस कार्य में बाधा डालने की कोशिश भी की गई।
इस मामले में 20 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट तक होगी कार्रवाई
नैनीताल पुलिस ने चेतावनी दी है कि औद्योगिक क्षेत्रों में अशांति फैलाने वाले बाहरी तत्वों के खिलाफ भविष्य में और सख्त कदम उठाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों पर गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रमिकों के हित सुरक्षित रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन किसी को भी कानून हाथ में लेने या हिंसा फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उत्तराखंड उद्योग जगत के लिए राहतभरी खबर
मदरसन कंपनी विवाद के समाप्त होने से लालकुआं औद्योगिक क्षेत्र में राहत का माहौल है। फैक्ट्री में उत्पादन बहाल होने से श्रमिकों, प्रबंधन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को फायदा होगा।
