बागेश्वर में जनता दरबार आयोजित
बागेश्वर। बागेश्वर जिले की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को विकास भवन सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने की। इस मौके पर जिले के सभी विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आमजन की शिकायतों को एक ही मंच पर सुनकर, उनका शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

12 शिकायतें दर्ज, अधिकतर का मौके पर समाधान
जनता दरबार में कुल 12 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष मामलों को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं को अवगत कराएं।

प्रमुख शिकायतें और मुद्दे:
- रमेश प्रकाश पर्वतीय – बीएसएनएल नेटवर्क सेवा की खराबी
- गोविंद सिंह मेहता – सड़क के पुनः सर्वेक्षण की मांग
- शिवलाल – सरकारी सब्सिडी न मिलने की शिकायत
- तुलसी देवी – आवासीय मकान की मांग
- सुनील कुमार टम्टा – विद्युत आपूर्ति व मोबाइल नेटवर्क की अनियमितता
- ग्राम सभा लीला के ग्रामीण – विद्यालयों के प्रस्तावित विलय पर आपत्ति
- मनोहर सिंह मलड़ा – बिजली बिल में त्रुटि
- राधेश्याम तिवारी – राजमार्ग चौड़ीकरण से भवन क्षति
- प्रताप सिंह – नए मोटर मार्ग की मांग
पोर्टल शिकायतों की भी समीक्षा
जनता दरबार के दौरान सीएम हेल्पलाइन पोर्टल और “हैलो बागेश्वर” पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इन पोर्टलों पर दर्ज समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें और शिकायतकर्ताओं को समय पर जानकारी दें।
