आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में आयुर्वेद शिविर
देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) में शनिवार को आयुर्वेद पर आधारित मासिक स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ हुआ। अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन आनंद स्वरूप ने कहा कि व्यस्त जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच आयुर्वेद और प्राकृतिक उपचार कर्मचारियों के लिए बेहद सहायक साबित हो सकते हैं।

तनाव मुक्त रहने में मददगार
इस दौरान उन्होंने बताया कि योग, प्राणायाम और सही दिनचर्या जैसी प्राकृतिक पद्धतियों के जरिए कर्मचारी न केवल तनावमुक्त रह सकते हैं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में भी बेहतर ढंग से कार्य कर सकते हैं।

हर महीने होगा आयोजन
सीईओ स्वरूप ने कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मचारी हर समय अलर्ट मोड पर रहते हैं। उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक माह एक दिवसीय शिविर आयोजित किया जाएगा।
सचिव ने बताया आयुर्वेद का महत्व
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि आयुर्वेद केवल रोग निवारण ही नहीं बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य संवर्धन का भी माध्यम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह शिविर कर्मचारियों को कार्यस्थल पर अधिक सकारात्मकता और मानसिक शांति प्रदान करेगा।
86 कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण
संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मो. ओबैदुल्लाह अंसारी ने बताया कि शिविर में 86 अधिकारियों और कर्मचारियों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सभी को आयुर्वेदिक औषधियां भी वितरित की गईं। शिविर में योग, प्राणायाम, संतुलित दिनचर्या और ऋतुचर्या पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।
