नामी यू-ट्यूबर सौरभ जोशी को 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाला धमकी भरा मेल मिला, पुलिस जांच में जुटी
हल्द्वानी। हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित ओलिविया कॉलोनी में रहने वाले नामी यू-ट्यूबर एवं व्लॉगर सौरभ जोशी को अज्ञात बदमाशों द्वारा 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की धमकी दी गई है। 15 सितंबर को उन्हें जीमेल पर यह मेल मिला, जिससे शहर में सनसनी फैल गई।

‘भाऊ गैंग’ का नाम आया सामने
सौरभ जोशी के मुताबिक, मेल भेजने वाले ने खुद को कुख्यात ‘भाऊ गैंग’ से जुड़ा बताया और गैंग के सरगना को ‘छोटा डॉन’ नाम से मशहूर बताया, जो दिल्ली में सक्रिय है।

5 करोड़ की रंगदारी, धमकी भी दी
आरोप है कि मेल में सौरभ जोशी से पांच करोड़ रुपये की मांग की गई है और रकम न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई है। इस घटना के बाद यू-ट्यूबर और उनके परिवार में दहशत का माहौल है।
पुलिस की जांच जारी
कोतवाली पुलिस को तहरीर देने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीमें जांच में जुट गई हैं। साइबर सेल भी मेल के स्रोत का पता लगाने में लगी है।
