यातायात पुलिस ने गर्भवती महिला को स्ट्रेचर से स्लाइडिंग जोन पार कर पहुंचाया अस्पताल
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में चिन्यालीसौड़ से जिला अस्पताल लायी जा रही एक गर्भवती महिला का सफर मुश्किल में पड़ गया, जब गंगोत्री हाईवे के नालूपानी स्लाइडिंग जोन पर आवाजाही बाधित हो गई। इस दौरान महिला को अस्पताल पहुंचाने में काफी दिक्कतें आने लगीं।

यातायात पुलिस बनी फरिश्ता
मौके पर यातायात निरीक्षक संजय रौथाण के नेतृत्व में ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस कर्मियों ने महिला के परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से उसे स्ट्रेचर के जरिए डेंजर जोन पार करवाया।

बिना देरी अस्पताल भेजा गया
महिला को स्लाइडिंग जोन पार करवाने के बाद यातायात पुलिस के सरकारी वाहन से देवीधार तक पहुंचाया गया, जहां से एम्बुलेंस के जरिए उसे उत्तरकाशी जिला अस्पताल भेजा गया।
स्थानीय लोगों ने की सराहना
स्थानीय लोगों और महिला के परिजनों ने यातायात पुलिस के इस मानवीय कदम की सराहना की। सभी ने कहा कि मुश्किल हालात में पुलिस ने मदद का हाथ बढ़ाकर एक बड़ी जिम्मेदारी निभाई।
