उत्तरकाशी में भारी बारिश का अलर्ट
देहरादून। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तरकाशी जिले के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, 25 अगस्त (सोमवार) को उत्तरकाशी जनपद के सभी कक्षा 1 से 12 तक के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।


प्रशासन ने अभिभावकों और बच्चों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और नदी-नालों की ओर जाने से बचें। साथ ही संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है और कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं।
