हर्षिल में बनी अस्थायी झील का DM ने किया निरीक्षण
उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशांत आर्य ने गुरुवार को हर्षिल क्षेत्र में हाल ही में बनी अस्थायी झील का स्थलीय निरीक्षण किया। यह झील धराली-हर्षिल क्षेत्र में आई हालिया आपदा के दौरान हर्षिल खीरगाड़ में भारी मलबा आने से बनी है।

जल प्रवाह सुचारू, खतरे की फिलहाल आशंका नहीं
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने बताया कि झील के मुहाने से पानी का प्रवाह वर्तमान में सुचारू रूप से हो रहा है, जिससे तात्कालिक रूप से किसी बड़े खतरे की संभावना नहीं है।

मलबा हटाने का कार्य जारी
उन्होंने कहा कि नदी के किनारे बहाव में बाधा पैदा कर रहे मलबे को हटाने का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है। दलदलयुक्त स्थल होने के कारण भारी मशीनों की तैनाती संभव नहीं है, इसलिए प्रशासन स्थानीय संसाधनों और श्रमिकों की मदद से मैनुअल सफाई कार्य कर रहा है।
सतर्क निगरानी के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में लगातार सतर्क निगरानी रखी जाए, समय-समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए।
