गंगोत्री हाईवे का 100 मीटर से ज्यादा हिस्सा धंसा
उत्तरकाशी। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। उत्तरकाशी जनपद में स्थित गंगोत्री हाईवे का बड़ा हिस्सा भूस्खलन और नदी के कटाव के कारण धंस गया है, जिससे क्षेत्र में राहत और बचाव कार्यों पर सीधा असर पड़ा है।

भटवाड़ी ब्लॉक के घोलगाड़ और पापड़गाड़ क्षेत्रों में गंगोत्री हाईवे का लगभग 100 मीटर से अधिक हिस्सा पूरी तरह धंस गया है। वहीं ओंगी के पास हाईवे का करीब 20 मीटर हिस्सा सीधे नदी में समा गया। इस आपदा के चलते धराली और हर्षिल जैसे दुर्गम क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाना कठिन हो गया है, और संचार एवं यातायात की स्थिति लगभग ठप हो गई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक खुद मौके पर पहुंचे, लेकिन रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध होने के कारण वे भी पैदल आगे नहीं बढ़ पाए। प्रशासनिक अमले के वाहनों के पहिए थमे हुए हैं और आईटीबीपी के जवान तथा अधिकारी हाईवे खुलने का इंतजार करने को मजबूर हैं।

गौरतलब है कि गंगोत्री हाईवे न केवल चारधाम यात्रा का मुख्य मार्ग है, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों तक सुरक्षा बलों और राहत दलों के आवागमन के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में इस मार्ग का ध्वस्त हो जाना एक गंभीर चुनौती बनकर सामने आया है।
प्रशासन की ओर से वैकल्पिक मार्गों की तलाश की जा रही है और बीआरओ तथा आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें हाईवे को शीघ्र खोलने में जुटी हैं। हालात को देखते हुए स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
