Uttarkashi Cloudburst
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा प्राकृतिक हादसा हुआ, जब धराली खीरगाड़ क्षेत्र में अचानक बादल फटने की घटना सामने आई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के चलते आए सैलाब और मलबे से कई मकान, होटल और दुकानें इसकी चपेट में आ गए हैं। अब तक कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

बाजार में घुसा मलबा, तबाह हुए कई मकान
बादल फटने की यह घटना सुबह क़रीब 5 बजे के आसपास हुई, जब लोग अपने घरों में थे। धराली मार्केट क्षेत्र में अचानक पानी और मलबे का तेज बहाव आ गया, जिससे दर्जनों मकान, दुकानें और होटल क्षतिग्रस्त हो गए। कई वाहन भी सैलाब में बह गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह तबाही बहुत ही अचानक आई, जिससे बचाव का समय नहीं मिल पाया।

राहत एवं बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही SDRF, पुलिस और आर्मी की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए भारी मशीनरी मंगाई गई है और स्थानीय लोग भी प्रशासन की मदद कर रहे हैं। अब तक कई घायलों को मलबे से निकाला गया है और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि धराली क्षेत्र में बादल फटने की पुष्टि हुई है। स्थिति काफी गंभीर है। SDRF, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चल रहा है। अभी तक किसी की मृत्यु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है।”
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
इस घटना के बाद मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश की संभावना है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी-नालों के किनारे न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल
धराली खीरगाड़ और उसके आस-पास के गांवों में भय और चिंता का माहौल है। लोग अपने घर छोड़कर ऊंचे स्थानों की ओर जा रहे हैं। स्कूलों को एहतियातन बंद कर दिया गया है और यात्रियों को भी चारधाम यात्रा फिलहाल रोकने की सलाह दी गई है।
