मौसम विभाग देहरादून ने 6 और 7 अक्टूबर को उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया।
देहरादून। मौसम विभाग देहरादून ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 6 और 7 अक्टूबर को उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तीव्र हिमपात (Snowfall) हो सकता है। विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया है और स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

इन जिलों में रहेगा सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में भारी वर्षा और तेज गर्जन-चमक के साथ आंधी (40–50 किमी/घंटा) चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क अवरोध और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।

5 अक्टूबर को यलो अलर्ट, 8–9 को राहत
05 अक्टूबर को यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें कुछ इलाकों में तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, 8 और 9 अक्टूबर को प्रदेशभर में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। इस दौरान यात्रियों और पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पर्यटन और यात्रा पर असर संभव
भारी बारिश और हिमपात की वजह से चारधाम यात्रा मार्गों, खासकर बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने यात्रियों को अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
