देहरादून परेड ग्राउंड में धरने पर बैठे उपनल कर्मचारी — लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर।
देहरादून। उत्तराखंड में उपनल कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों पर अमल न होने से नाराज होकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। राज्यभर के सभी उपनल कर्मचारी देहरादून के परेड ग्राउंड में धरने पर बैठे हैं। कर्मचारियों ने सरकार पर वायदाखिलाफी और कर्मचारी हितों की अनदेखी का आरोप लगाया है।

सरकारी सेवाओं पर पड़ा असर
हड़ताल का सीधा असर प्रदेश की सरकारी दफ्तरों और अस्पतालों पर देखने को मिल रहा है। कई विभागों में कामकाज ठप है, जबकि स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। मरीजों को अस्पतालों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
“जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा”
उपनल कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के प्रदेश संयोजक विनोद गोदियाल ने कहा कि सरकार बार-बार आश्वासन देती रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि हमारी मांगें वर्षों से लंबित हैं। जब तक सरकार ठोस निर्णय नहीं लेती, यह आंदोलन जारी रहेगा।
क्या हैं उपनल कर्मचारियों की प्रमुख मांगें?
उपनल कर्मचारियों की मुख्य मांगें हैं —
- समान कार्य के लिए समान वेतन
- नियमितीकरण की नीति लागू करना
- सेवा शर्तों में सुधार
- बीमा और पेंशन जैसी मूल सुविधाएं उपलब्ध कराना
कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार आश्वासन के बावजूद सरकार ने इन पर अमल नहीं किया।
सरकार की ओर से क्या प्रतिक्रिया?
हालांकि, सरकार की ओर से अब तक कोई औपचारिक बयान नहीं आया है। लेकिन सूत्रों के अनुसार, बातचीत के प्रयास जारी हैं।
