ऑर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल, लामाचौड़ में उत्तराखंड स्थापना दिवस पर लोकनृत्य प्रस्तुत करते विद्यार्थी।
हल्द्वानी। हल्द्वानी में लामाचौड़ स्थित ऑर्डनप्रोग्रेसिवस्कूल में शनिवार को उत्तराखंड स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और संस्कृति का शानदार प्रदर्शन किया।

परंपरा और उल्लास का संगम
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जहां विद्यार्थियों ने राज्य की एकता, प्रगति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इसके बाद मंच पर रंगारंग प्रस्तुतियों की झड़ी लग गई। नन्हे बच्चों ने कुमाऊंनी और गढ़वाली गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे पूरा विद्यालय सांस्कृतिक रंगों में रंग गया।


बच्चों ने पेश की रंगारंग प्रस्तुतियां
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा पारंपरिक कुमाऊंनी लोकनृत्य, जिसे विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेषभूषा में पेश किया। गीतों की मधुर धुन और नृत्य की ताल पर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। विद्यालय के सभागार में तालियों की गूंज गूंजती रही।
राज्य की गौरवगाथा से अवगत कराए गए विद्यार्थी
विद्यालय के ट्रस्टी और प्रधानाचार्य ने सभी को उत्तराखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को राज्य के गौरवशाली इतिहास, प्राकृतिक सौंदर्य और राज्य आंदोलन में दिए गए बलिदानों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सिर्फ पहाड़ों का प्रदेश नहीं, बल्कि संघर्ष, संस्कृति और समर्पण की भूमि है। बच्चों को राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभाने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे विद्यालय में देशभक्ति, संस्कृति और गर्व का वातावरण देखने को मिला।
