उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने मार्च 2027 का लक्ष्य अगस्त 2025 में ही हासिल किया
देहरादून। उत्तराखंड ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर को स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा से जोड़ने के संकल्प को हकीकत में बदल दिया है। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने मार्च 2027 तक 40,000 सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने का लक्ष्य तय किया था। लेकिन यूपीसीएल ने यह लक्ष्य समय से करीब डेढ़ साल पहले ही अगस्त 2025 में हासिल कर लिया।

42,000 सोलर रूफटॉप संयंत्र, 156 मेगावाट क्षमता
प्रदेशभर में अब तक 42,000 से ज्यादा सोलर रूफटॉप संयंत्र सफलतापूर्वक लग चुके हैं, जिनकी कुल उत्पादन क्षमता लगभग 156 मेगावाट है। यह उपलब्धि उत्तराखंड को देश के उन चुनिंदा राज्यों में शामिल करती है, जो हरित ऊर्जा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के विज़न के तहत उत्तराखंड ने डेढ़ साल पहले ही यह लक्ष्य हासिल कर लिया है। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। उत्तराखंड अब हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण में अग्रणी राज्य बनेगा। साथ ही मुख्यमंत्री ने यूपीसीएल परिवार और प्रदेशवासियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर संभव सहयोग देगी।
नेतृत्व और टीमवर्क का नतीजा
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और ऊर्जा विभाग के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मार्च 2027 तक का लक्ष्य हमने अगस्त 2025 में ही पूरा कर लिया है। यह यूपीसीएल परिवार की मेहनत और उपभोक्ताओं के सहयोग का नतीजा है।
अभियान के नोडल अधिकारी
इस अभियान की सफलता का श्रेय मुख्य अभियंता आशीष अरोड़ा को भी जाता है, जिन्होंने पूरे प्रोजेक्ट को जमीनी स्तर पर सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
