सचिवालय में सुरक्षा व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए गृह सचिव शैलेश बगौली और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी।
देहरादून। गृह सचिव श्री शैलेश बगौली ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ राज्य की समग्र सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए उत्तराखंड के सभी क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए।

बॉर्डर पर सघन चेकिंग और इंटरनेशनल सीमाओं पर विशेष निगरानी
गृह सचिव बगौली ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्यों की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहे। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल बॉर्डर वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी, मोबिलिटी और इंटेलिजेंस को और मजबूत किया जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

सभी बॉर्डर पॉइंट्स पर ANPR कैमरे लगेंगे
उन्होंने सभी बॉर्डर क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर ANPR (Automatic Number Plate Recognition) कैमरे लगाने के निर्देश दिए। ANPR कैमरे संदिग्ध वाहनों की ट्रैकिंग और उनकी मूवमेंट को रियल-टाइम में मॉनिटर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर चेकिंग तेज करने के निर्देश
गृह सचिव ने प्रमुख पर्यटन स्थलों, तीर्थ क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में हाई-विजिबिलिटी चेकिंग बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी जगहों पर सुरक्षा के उच्च मानकों का पालन हो और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत संज्ञान में लिया जाए।
सीसीटीवी और मॉनिटरिंग सिस्टम दुरुस्त रखने पर बल
उन्होंने शहरों, संवेदनशील इलाकों और सरकारी कार्यालयों के आसपास CCTV कवरेज सुनिश्चित करने, साथ ही उसकी रियल-टाइम मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए। गृह सचिव ने कहा कि तकनीक आधारित सुरक्षा ही आज की आवश्यकता है, इसलिए जिलों को अपने सुरक्षा ढांचे को नियमित रूप से अपग्रेड करते रहना चाहिए।
मैनपावर और संसाधनों की आवश्यकता हो तो तुरंत बताएं — गृह सचिव
उन्होंने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि यदि किसी जिले को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने हेतु अतिरिक्त मैनपावर, तकनीक या संसाधनों की आवश्यकता हो, तो तुरंत मुख्यालय और शासन को सूचित करें। साथ ही उन्होंने राज्यवासियों से सुरक्षा मानकों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
बैठक में ADG अभिनव कुमार, ADG वी. मुर्गेशन सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक वर्चुअल माध्यम से शामिल रहे।
