मुख्यमंत्री परिवर्तन की अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा
देहरादून। आपदा राहत कार्यों के बीच मुख्यमंत्रीपरिवर्तन संबंधी अफवाहें फैलाने वालों पर उत्तराखंड पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। शनिवार को देहरादून पुलिस ने तीन फेसबुक पेज संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष की शिकायत पर कार्रवाई
पुलिस की ओर से ये कार्रवाई भाजपा जिलाध्यक्ष देहरादून, सिद्धार्थ अग्रवाल की शिकायत के आधार पर की गई। आरोप है कि फेसबुक पेज “आई लव माय उत्तराखंड संस्कृति”, “उत्तराखण्ड वाले” और “जनता जन आंदोलन इरिटेड” से मुख्यमंत्री परिवर्तन संबंधी झूठी व भ्रामक पोस्ट प्रसारित की गई थीं।

आपदा राहत कार्य पर असर
प्रदेश के बागेश्वर, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ इस समय आपदा से बुरी तरह प्रभावित हैं। ऐसे कठिन दौर में मुख्यमंत्री बदलने जैसी झूठी खबरें न केवल राहत एवं बचाव कार्यों में व्यवधान डाल रही हैं बल्कि प्रशासनिक कामकाज पर भी असर डाल रही हैं।
पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचना का प्रसार करने से बचें। अफवाह फैलाने वालों और सोशल मीडिया पर झूठी खबरें चलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
