उत्तराखंड पेपर लीक मामले की जांच अब सीबीआई को सौंपी गई, विजिलेंस ने सभी दस्तावेज तैयार रखे PHOTO CREDIT - X
देहरादून। उत्तराखंड में हुए चर्चित पेपर लीक मामले की जांच अब सीबीआई (CBI) को सौंपी जा रही है। राज्य सरकार ने मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए यह बड़ा कदम उठाया है। इस संबंध में डीओपीटी (Department of Personnel and Training) की ओर से आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया जा चुका है, जिसके बाद अब सीबीआई जल्द ही केस रजिस्टर करेगी।

विजिलेंस विभाग के आईजी वीआर मुरुगेशन ने बताया कि सीबीआई की औपचारिक मांग मिलते ही केस डायरी और तमाम जरूरी दस्तावेज तुरंत सौंप दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विजिलेंस की ओर से पहले से ही सभी दस्तावेज तैयार रखे गए हैं, ताकि जांच प्रक्रिया में किसी तरह की देरी न हो।
मुरुगेशन ने बताया कि अब तक विजिलेंस द्वारा की गई कार्रवाई की पूरी केस डायरी, जांच रिपोर्ट और सबूतों का ब्योरा सीबीआई को ट्रांसफर कर दिया जाएगा। इसके बाद आगे की पूरी जांच, पूछताछ और अभियोजन प्रक्रिया सीबीआई के माध्यम से होगी।

राज्य सरकार का कहना है कि इस कदम का मकसद किसी भी तरह के राजनीतिक या प्रशासनिक प्रभाव से दूर रहकर न्यायपूर्ण जांच कराना है। सरकार ने कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
