गैरसैंण विधानसभा के अंदर रातभर डटे रहे विपक्षी विधायक
भराड़ीसैंण। उत्तराखंड विधानसभा सत्र में बुधवार का दिन इतिहास में दर्ज हो गया। कांग्रेस और निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा ने सदन के भीतर ही रात गुज़ारी। विपक्षी विधायकों ने बिस्तर, तकिए और कंबल लाकर सदन में ही डेरा डाल दिया और नैनीताल प्रकरण में शामिल अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरना जारी रखा।

इस दौरान उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित ह्दयेश ने सदन से ही LIVE कर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की ट्रोल और गोदी मीडिया जनता को गुमराह कर रही है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी SSP नैनीताल के निलंबन और DM के ट्रांसफर की मांग दोहराई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देर रात नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और वरिष्ठ कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह से फोन पर बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके हैं और विधायकों से धरना समाप्त कर आवास लौटने की अपील की। हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष के साथ विपक्ष की बातचीत बेनतीजा रही और धरना रातभर जारी रहा।

