उत्तराखंड में ऑनलाइन लेबर सेस मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ, 60% राजस्व वृद्धि दर्ज
देहरादून। उत्तराखंड श्रमायुक्त कार्यालय ने श्रम कल्याण प्रशासन को नई दिशा देने वाली ऐतिहासिक पहल की है। ऑनलाइन लेबर सेस मैनेजमेंट सिस्टम के सफल क्रियान्वयन से सेस आकलन और जमा की प्रक्रिया अब पूरी तरह डिजिटल हो गई है। इससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित हुई है।

एचडीएफसी बैंक का सीएसआर सहयोग
उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने बिना किसी अतिरिक्त सरकारी खर्च के इस अभिनव डिजिटल प्लेटफॉर्म को तैयार किया। एचडीएफसी बैंक ने अपने CSR कार्यक्रम के तहत इस परियोजना में तकनीकी सहयोग देकर श्रम कल्याण प्रशासन में बदलाव का मार्ग प्रशस्त किया।

एक वर्ष में मिली ऐतिहासिक उपलब्धि
सिर्फ एक वर्ष में इस सिस्टम ने 60% राजस्व वृद्धि दर्ज की और 10,000 से अधिक प्रतिष्ठानों का पंजीकरण संभव हुआ। सेस प्रबंधन में आई पारदर्शिता और तेजी ने उत्तराखंड को इस क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बना दिया है।
भारत सरकार ने की सराहना
भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने इस मॉडल की सराहना करते हुए इसे अन्य राज्यों में भी लागू करने योग्य माना है। आज भारत सरकार के संयुक्त सचिव श्री अशुतोष की अध्यक्षता में इस सिस्टम की राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिकृति पर चर्चा हेतु बैठक हुई।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे शामिल
बैठक में उत्तराखंड के श्रमायुक्त पीसी दुम्का, परियोजना प्रमुख दुर्गा चमोली और एचडीएफसी बैंक के वरिष्ठ अधिकारीगण शामिल हुए। राज्य नेतृत्व, भारत सरकार और श्रम विभाग की दूरदर्शिता से यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हो पाई है।
