पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा का मानसून सत्र 19 अगस्त से 22 अगस्त तक गैरसैंण में आयोजित होने जा रहा है। सत्र शुरू होने से पहले ही विपक्ष इसकी अवधि बढ़ाने की मांग करता रहा है। अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने गैरसैंण सत्र पर बड़ा बयान दिया है।

हरक सिंह रावत ने कहा कि जब मैं सच बोलता हूं तो बहुतों को दिक्कत होती है।गैरसैंण में सत्र कराना जनता के साथ धोखा करना है।पक्ष और विपक्ष आपस में मिलकर तीन दिन में सत्र निपटा देते हैं और फिर हेलीकॉप्टर का इंतजार किया जाता है कि कब यहां से भागा जाए।
पूर्व मंत्री ने गैरसैंण सत्र की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विधायकों और मंत्रियों के लिए व्यवस्थाएं की जाती हैं, लेकिन कर्मचारियों के लिए कोई व्यवस्था नहीं होती।हरक सिंह रावत के इस बयान के बाद मानसून सत्र को लेकर राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।

