दीपावली पर युवाओं को शिक्षक भर्ती का तोहफा, 1400 से ज्यादा एलटी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र
देहरादून। उत्तराखंड में अब शिक्षकों की कमी को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। हाईकोर्ट द्वारा एलटी भर्ती परीक्षा पर लगाई गई रोक को हटा दिया गया है, जिसके बाद राज्य सरकार ने दीपावली से पहले 1400 से अधिक एलटी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने की घोषणा की है। शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि रोक हटने के बाद अब विभाग तेजी से प्रक्रिया पूरी कर रहा है और चयनित अभ्यर्थियों को त्यौहार से पहले ही नियुक्ति पत्र सौंप दिए जाएंगे।

2100 प्राइमरी शिक्षक पदों पर भी भर्ती की तैयारी
एलटी भर्ती के साथ-साथ 2100 प्राइमरी शिक्षक पदों को भरने की भी तैयारी चल रही है। सरकार ने इसके लिए नियमावली में बदलाव किया है ताकि प्रक्रिया और तेज हो सके। इसके अलावा एनआईओएस से डीएलएड करने वाले युवाओं को भी भर्ती में मौका दिया गया है, जिससे हजारों अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिलेगा।

सरकार का फोकस शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना
राज्य में लंबे समय से शिक्षकों की कमी की वजह से कई स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। अब इस भर्ती प्रक्रिया के पूरा होने के बाद शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाना है। एलटी और प्राइमरी शिक्षकों की नियुक्ति से छात्रों को बेहतर शैक्षिक माहौल मिलेगा।
