जिम कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी अगले आदेश तक बंद
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब पर्यटन गतिविधियों पर भी साफ दिखने लगा है। विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जंगल सफारी को अगले आदेश तक बंद कर दिया है।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के डायरेक्टर साकेत बडोला ने बताया कि गर्जिया, ढेला और झिरना पर्यटन जोन में सुबह और शाम की पाली में डे सफारी चलाई जा रही थी। मगर लगातार बारिश और जिला प्रशासन द्वारा जारी अलर्ट को देखते हुए पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सफारी संचालन रोकना पड़ा है।
बडोला ने कहा कि बरसात से पार्क को सवा करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। जंगल की पगडंडियां फिसलन भरी हो चुकी हैं और नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में पर्यटकों और सफारी वाहनों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।

उन्होंने यह भी कहा कि जैसे ही मौसम सामान्य होगा, सफारी संचालन को फिर से बहाल कर दिया जाएगा। इस फैसले का सीधा असर स्थानीय गाइड, जीप संचालक, होटल और रिसॉर्ट व्यवसायियों पर पड़ रहा है। हालांकि कारोबारियों ने भी प्रशासन के इस निर्णय को सही ठहराया है और कहा है कि सुरक्षा सबसे पहले है।
