IAS दीपक रावत ने त्योहार के सीजन में मिलावट, जमाखोरी और कालाबाजारी पर कार्रवाई के निर्देश दिए
हल्द्वानी। दीपावली पर्व के दृष्टिगत उत्तराखंड में बाजारों में मिलावटखोरी, जमाखोरी और कालाबाजारी पर नकेल कसने के लिए प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री IAS दीपक रावत ने कुमाऊं मण्डल के सभी जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

छापेमारी और चेकिंग अभियान तेज़ करने के आदेश
IAS दीपक रावत ने मंडल के सभी डीएम को निर्देशित किया है कि दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी की जाए। उन्होंने कहा कि उपजिलाधिकारियों और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम बनाकर गहनता से निरीक्षण अभियान चलाया जाए।

गुणवत्ता और हाइजीन पर विशेष फोकस
उन्होंने निर्देश दिए कि जांच टीम दुकानों और प्रतिष्ठानों में—
- खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता
- हाइजीन और सफाई व्यवस्था
- उचित रखरखाव
- खाद्य खरीद से संबंधित अभिलेखों की बारीकी से जांच करे।
किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर तुरंत कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
IAS दीपक रावत ने साफ कहा है कि जो भी व्यापारी मिलावट या जमाखोरी में पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। दीपावली पर आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिले, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।
