मुख्यमंत्री धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रायपुर स्थित हिमाद्री आइस रिंक रजत जयंती खेल परिसर में आयोजित एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2025 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने थाईलैंड टीम को विजेता ट्रॉफी प्रदान की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि भारत में पहली बार आयोजित हो रही शीतकालीन खेलों की इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी देवभूमि उत्तराखण्ड को मिली। प्रतियोगिता में एशिया के 11 देशों से आए 200 से अधिक खिलाड़ियों ने 9 प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेकर दर्शकों को रोमांचित किया।
उन्होंने बताया कि भारत के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण सहित कई पदक अपने नाम किए हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह आयोजन भारत में शीतकालीन खेलों के नए युग की शुरुआत साबित होगा और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया मूवमेंट” जैसे कार्यक्रमों ने देश में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है। उत्तराखण्ड सरकार भी राज्य को “खेलभूमि” बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने हाल ही में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों का उल्लेख करते हुए बताया कि उत्तराखण्ड ने पहली बार 103 पदक जीतकर 7वां स्थान हासिल किया। राज्य में 517 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्टेडियम और लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों से बंद पड़ी हिमाद्री आइस रिंक का जीर्णोद्धार कर इसे खिलाड़ियों को समर्पित किया गया है। यह देश की एकमात्र ओलंपिक स्टैंडर्ड आइस रिंक है। 14 साल बाद यहां अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन होना पूरे देश के लिए गौरव की बात है।
समारोह में विशेष सचिव अमित सिन्हा, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, एशियन स्केटिंग यूनियन एवं उत्तराखण्ड आइस स्केटिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
