अतिवृष्टि से प्रभावित इलाकों में राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश देते सीएम धामी
देहरादून। उत्तराखंड में सोमवार रात हुई अतिवृष्टि से भारी तबाही मची। राजधानी देहरादून सहित कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से स्थिति की जानकारी ली और तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

प्रभावित परिवारों को मिलेगी तत्काल सहायता
सीएम धामी ने कहा कि अतिवृष्टि से प्रभावित हर व्यक्ति तक तुरंत मदद पहुंचे। जो लोग लापता हैं, उनकी तलाश के लिए युद्धस्तर पर काम किया जाएगा। सरकार इस मुश्किल घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़ी है।

सड़कों और पेयजल-बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि से कई सड़कें, पुल और सरकारी संपत्तियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द सड़क मार्ग बहाल करने, सुरक्षित पेयजल और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आने वाले दिनों के लिए सतर्कता बढ़ाई गई
मौसम विभाग के नए अलर्ट को देखते हुए सीएम धामी ने सभी जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने और विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के आदेश दिए गए।
प्रशासनिक टीमें फील्ड पर सक्रिय
सीएम ने स्पष्ट कहा कि राहत व बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन की टीमें फील्ड में सक्रिय हैं और सभी विभाग मिलकर आपदा से निपटने में जुटे हैं।
