मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में ग्रीन सेस लागू करने की घोषणा की और कहा कि हम देश को प्राण वायु देते हैं, अब सबका योगदान जरूरी है।
देहरादून। उत्तराखंड सरकार अब राज्य में ग्रीन सेस (Green Cess) लागू करने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। यह कदम राज्य के पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के दृष्टिकोण से एक बड़ा निर्णय माना जा रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश का वह प्रदेश है, जहां आने वाले लोगों को साफ हवा, शुद्ध पानी और हरियाली का उपहार मिलता है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हम देश को प्राणवायु देते हैं, इसलिए जरूरी है कि देश के लोग भी उत्तराखंड के पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें।
धामी सरकार के अनुसार, ग्रीन सेस से प्राप्त राशि का उपयोग राज्य में वन संरक्षण, स्वच्छता, और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने वाले प्रोजेक्ट्स पर किया जाएगा। यह सेस मुख्य रूप से राज्य में बाहर से आने वाले वाहनों और पर्यटकों पर लागू होगा। सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य किसी पर बोझ डालना नहीं, बल्कि “प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना” को मजबूत करना है।

बताया जा रहा है कि इस प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है और अब इसके लिए संबंधित विभागों को कार्यान्वयन की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
