नकली CBI अधिकारी ने डॉक्टर और पत्नी को बनाया बंधक
किच्छा। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नकली CBI अधिकारी ने होम्योपैथिक डॉक्टर और उनकी पत्नी को दो घंटे तक हाउस अरेस्ट करके रखा। आरोपी ने दंपत्ति को धमकाया और घर की तलाशी ली।

मामला किच्छा के आवास विकास कॉलोनी का है। डॉक्टर गौरांग मोहपात्रा रोज की तरह अपने घर में बने क्लिनिक में बैठे थे। तभी दोपहर करीब दो बजे एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और खुद को CBI अधिकारी बताया। डॉक्टर कुछ समझ पाते उससे पहले ही आरोपी ने उनका और उनकी पत्नी का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसने घर और क्लिनिक में रखे कैश के बारे में पूछताछ की।
जब डॉक्टर ने इंकार किया तो आरोपी ने गोली मारने की धमकी दी। उसने घर और क्लिनिक की तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिलने पर पैसे का इंतजाम करने की बात कहकर वहां से निकल गया। डॉ. मोहपात्रा के मुताबिक आरोपी ने उन्हें और उनकी पत्नी को लगभग दो घंटे तक घर में कैद करके रखा। घटना के बाद पीड़ित ने किच्छा कोतवाली में लिखित शिकायत दी।

सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि पीड़ित परिवार ने उस वक्त की कुछ सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराई है। फुटेज का अवलोकन किया जा रहा है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
