दीपावली पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड में सभी अस्पताल और स्वास्थ्य सेवाएं 24×7 एक्टिव।
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने दीपावली के पर्व पर जनस्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी अस्पतालों और चिकित्सा सेवाओं को हाई अलर्ट मोड Uttarakhand Diwali Health Alert पर रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी CM Pushkar Singh Dhami और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के दिशा-निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के प्रशासन और चिकित्सा संस्थानों को 24×7 सक्रिय रहने का आदेश जारी किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि त्योहार की खुशियाँ तभी पूरी होती हैं जब हर नागरिक सुरक्षित और स्वस्थ हो। दीपावली के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाएं चौबीसों घंटे तैयार रहें। राज्य के सभी अस्पतालों, ट्रॉमा सेंटरों और आपात चिकित्सा इकाइयों को अलर्ट पर रखा गया है। विभाग ने पर्याप्त डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी, आवश्यक दवाओं और उपकरणों का स्टॉक, ब्लड बैंक और बर्न यूनिट की कार्यशीलता पहले से सुनिश्चित कर ली है।
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्साधिकारियों को त्योहारों के दौरान सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि 108 नेशनल एम्बुलेंस सेवा, जिला नियंत्रण कक्ष और आपातकालीन वार्डों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।

भीड़भाड़ वाले इलाकों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और बाजारों में मोबाइल मेडिकल यूनिट्स की तैनाती की जाएगी ताकि किसी भी दुर्घटना या स्वास्थ्य आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सके। स्वास्थ्य विभाग ने अग्निशमन, पुलिस, परिवहन और अन्य विभागों के साथ समन्वय बढ़ाने के भी निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। मीडिया, सोशल मीडिया और सामुदायिक नेटवर्क के जरिए लोगों से अपील की गई है कि वे आतिशबाज़ी में सावधानी बरतें, बिजली के उपकरणों का सतर्कता से उपयोग करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 108 हेल्पलाइन पर संपर्क करें।
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि हमारा मकसद केवल इलाज देना नहीं, बल्कि समय पर राहत और रोकथाम सुनिश्चित करना भी है। दीपावली और इगास पर्व के दौरान स्वास्थ्य विभाग पूरी तत्परता से कार्य करेगा ताकि कोई भी नागरिक असहाय न रहे।
