देहरादून में आपदा प्रभावित परिवारों और राहत टीमों से मिलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
देहरादून। उत्तराखंड में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देहरादून में भेंट की। उन्होंने आपदा पीड़ितों की समस्याएं निकट से सुनीं और भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार पूरी ताकत और संसाधनों के साथ हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है।

पुनर्निर्माण के लिए विशेष सहायता का वादा
प्रधानमंत्री ने कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त घर, स्कूल, होटल, खेत, बागवानी और बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए विशेष सहायता दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी नियम के कारण मदद में रुकावट आती है, तो नियमों में बदलाव तक किया जाएगा।

राहत-बचाव टीमों से संवाद और सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NDRF, SDRF, उत्तराखंड पुलिस और आपदा मित्र स्वयंसेवकों से भी संवाद किया। उन्होंने आपदा के दौरान उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की और उनके अनुभवों को सुना।
केंद्र-राज्य का संयुक्त प्रयास
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हेलीकॉप्टर, NDRF टीमों और अत्याधुनिक उपकरणों के साथ राज्य सरकार के राहत-बचाव अभियानों को पूरा समर्थन दिया, जिससे प्रभावित इलाकों तक तुरंत मदद पहुंचाई जा सकी।
मुख्यमंत्री का आभार
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री के स्नेह और संवेदनशीलता के लिए समस्त उत्तराखंडवासियों की ओर से उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि प्रधानमंत्री का दौरा राज्य के लिए राहत की नई उम्मीद लेकर आया है।
