सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अवैध राशन और आधार कार्ड बनवाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
देहरादून। उत्तराखंड में अवैध रूप से राशन कार्ड, आधार कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेज बनवाने वालों पर अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कहा है कि गड़बड़ी में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति या संगठन राशन कार्ड, आधार कार्ड या बिजली कनेक्शन जैसे दस्तावेज अवैध तरीके से बनवाने या दिलाने में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश
सीएम धामी ने बताया कि इस बाबत सभी जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार ने साफ कर दिया है कि ऐसे मामलों में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को छूट नहीं दी जाएगी। दोषी पाए जाने पर प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई होगी।

माहौल बिगाड़ने वालों पर नजर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सरकार की पैनी नजर है। उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। अगर कोई व्यक्ति ऐसे मामलों में लिप्त पाया गया तो उस पर सख्त कार्यवाही होगी।
