पछवादून में अल्पसंख्यक आबादी बढ़ने पर सीएम धामी ने दिए जांच के निर्देश।
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार डेमोग्राफिक चेंज देखने को मिल रहे हैं, खासतौर पर पछवादून क्षेत्र में। यहां ग्रामीण इलाकों में अल्पसंख्यक समुदाय की आबादी में तेजी से बढ़ोतरी को लेकर राज्य सरकार अलर्ट मोड में है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को फर्जी आधार कार्ड और राशन कार्ड की जांच के निर्देश दिए हैं।

सीएम धामी ने साफ कहा कि यह पता लगाया जाए कि आखिर कौन से अधिकारी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कार्ड बनवा रहे हैं और इस पूरी प्रक्रिया में किस स्तर पर लापरवाही हो रही है। इसी बीच धर्मपुर से बीजेपी विधायक विनोद चमोली का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि लोग जनप्रतिनिधियों से लिखवाकर आधार या राशन कार्ड बनवा लेते हैं क्योंकि जनप्रतिनिधि किसी को मना नहीं करते।
बीजेपी विधायक विनोद चमोली ने कहा कि लेकिन ये अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वो लोगों के दस्तावेजों की पूरी जांच करें। अगर कोई कमी हो तो कार्ड जारी न किया जाए। विधायक ने साफ तौर पर सारा ठीकरा अधिकारियों पर फोड़ते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि सिर्फ सिफारिश कर सकते हैं, अंतिम जिम्मेदारी अधिकारियों की होती है। उन्होंने मांग की कि जांच धरातल पर हकीकत के आधार पर होनी चाहिए, न कि किसी दबाव में।

इस पूरे मामले में सरकार अब सख्त रुख में दिख रही है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में पछवादून और अन्य संवेदनशील इलाकों में दस्तावेजों की गहन जांच शुरू हो जाएगी।
