गृह सचिव शैलेश बगौली ने त्यौहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर देहरादून में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
देहरादून। राज्य में आगामी त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आज गृह सचिव शैलेश बगौली की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और यातायात निदेशालय के अधिकारी उपस्थित रहे।

सचिव बगौली ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भीड़-भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर यातायात प्रबंधन के लिए विशेष इंतज़ाम किए जाएं ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय अधिकारी खुद फील्ड में रहकर स्थिति की निगरानी करें और ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखें।
बैठक में निर्णय लिया गया कि देहरादून में ट्रैफिक नियंत्रण के लिए एक कंपनी IRB या PAC की तैनाती की जाएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को मज़बूत बनाने के लिए होमगार्ड और पीआरडी कर्मियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। शहर के भीड़भाड़ वाले चौराहों और प्रमुख स्थानों की पहचान कर वहां पर्याप्त संख्या में यातायात कर्मियों की तैनाती की जाएगी। सचिव ने कहा कि सभी ट्रैफिक सिग्नल और CCTV कैमरे पुलिस विभाग के नियंत्रण में लाए जाएं ताकि रियल टाइम मॉनिटरिंग और त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।

यातायात निदेशालय को निर्देश दिए गए कि विशेषज्ञों की मदद से प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए और नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, स्मार्ट सिटी, परिवहन विभाग आदि के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। सचिव बगौली ने कहा कि यातायात निदेशालय को मानव संसाधन, तकनीकी उपकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिहाज से सशक्त बनाया जाएगा ताकि दीर्घकालिक योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जा सके।
इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन और अन्य आपात सेवाओं के रास्ते हमेशा सुगम और बाधा-मुक्त रखें जाएं, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
