मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट के दौरान उत्तराखंड बेरोजगार संघ के प्रतिनिधि।
देहरादून। उत्तराखंड में भर्ती परीक्षा रद्द होने के बाद राज्य सरकार के पारदर्शी फैसले की सराहना तेज हो गई है। इसी क्रम में उत्तराखंड बेरोजगार संघ के प्रतिनिधियों ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान संघ ने सीएम धामी को युवाओं की भावनाओं का सम्मान करने और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाने के लिए धन्यवाद दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने बेरोजगार संघ के प्रतिनिधियों से कहा कि सरकार की “जीरो टॉलरेंस” नीति भर्ती परीक्षाओं में भी सख्ती से लागू की जा रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और नकल के खिलाफ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग्यता और पारदर्शिता पर आधारित भर्ती प्रक्रिया के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नकल विरोधी कानून से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों का विश्वास और मजबूत हुआ है।सीएम धामी ने युवाओं को आश्वासन दिया कि किसी भी मेहनती और पात्र अभ्यर्थी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं की लगन और ईमानदारी ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। सरकार हर योग्य युवा को निष्पक्ष अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। बेरोजगार संघ ने इस दौरान मुख्यमंत्री को युवाओं की ओर से धन्यवाद ज्ञापन भी सौंपा और कहा कि इस फैसले ने उत्तराखंड के लाखों युवाओं में भरोसा जगाया है।
